न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अक्टूबर जामताड़ा। कोरोना महामारी के दौरान आर्थिक संकट से जूझने वाले नगर पंचायत के दुकानदारों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत जामताड़ा की ओर से कोरोना काल के दो वर्षों का दुकान किराया माफ करने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। इसके अलावा शहर के गांधी मैदान में बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिशु एवं वृद्ध वाटिका विकसित करने का निर्णय लिया गया।बैठक में वार्ड पार्षद विजय रावत सहित अन्य सदस्यों ने कोरोना महामारी के दौरान कारोबार बंद रहने और व्यापार प्रभावित होने से दुकानदारों की बिगड़ी आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस अवधि का बकाया किराया माफ करने की मांग रखी। सदस्यों का तर्क था कि असाधारण परिस्थितियों में कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। ऐसे में उन्हें राहत देना जरूरी है। बोर्ड में प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद दुकानदारों में उम्मीद जगी है।शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा देने के उद्देश्य से गांधी मैदान में शिशु एवं वृद्ध वाटिका बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। यहां बच्चों के लिए मनोरंजन के साधन और बुजुर्गों के लिए बैठने तथा टहलने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।शहर के विभिन्न वार्डों में पीसीसी सड़क, नाली निर्माण और खुली नालियों को ढंकने की योजनाओं पर भी सहमति बनी। इन कार्यों के लिए सोमवार को टेंडर जारी किया जाएगा।वहीं, छठ महापर्व को देखते हुए सभी घाटों पर सफाई, रोशनी, पेयजल और पहुंच पथ दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। घाटों पर आकर्षक तोरण द्वार भी लगाए जाएंगे। अध्यक्ष ने कर्मियों को जनसमस्याओं से जुड़े आवेदनों का समय पर निपटारा करने तथा लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।बैठक में वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
दुकानदारों को बड़ी राहत की तैयारी, कोरोना के दो साल का किराया होगा माफ; गांधी मैदान में बनेगी शिशु-वृद्ध वाटिका
