जामताड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, चार शातिर गिरफ्तार; 11 मोबाइल और 15 सिम बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 नवंबर जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा में ठगी के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस की विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के पतरोडीह गांव में सड़क से करीब 200 मीटर पश्चिम झाड़ी वाले इलाके में की गई। यहां से दो आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं दूसरी छापेमारी पबिया से चिरूडीह जाने वाली सड़क पर क्रेसर के समीप परती जमीन के पास हुई, जहां से दो अन्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पतरोडीह निवासी दिलबहार अंसारी (25) और सहवाज अंसारी (23), लोकनियां निवासी चन्द्र प्रकाश दास (36) तथा मोहलीडीह निवासी आनंद दास (42) के रूप में हुई है। सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।जांच में साइबर ठगी के दो तरीके सामने आए हैं। आरोपी पंजाब नेशनल बैंक और यूको बैंक का कर्मचारी बनकर लोगों को केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देते थे। पीएनबी ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने की बात कहकर निशाना बनाया जाता था। इसके बाद मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारियां हासिल कर खातों से ठगी की जाती थी।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 70/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पूरी कार्रवाई साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में हुई। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल और पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *