न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जून 2026 जामताड़ा। डिजिटल युग में जहां अधिकांश सरकारी और निजी सेवाएं इंटरनेट एवं मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर हो चुकी हैं, वहीं जामताड़ा प्रखंड के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरडाल पंचायत के रंगाडीह गांव के लोग आज भी कमजोर मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं। जिओ और एयरटेल के नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों में मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मोबाइल पर सामान्य बातचीत करना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। घर के भीतर नेटवर्क लगभग गायब रहता है और कॉल करने या रिसीव करने के लिए लोगों को घर से बाहर निकलकर खुले स्थानों में जाना पड़ता है। कई बार बातचीत के दौरान कॉल बार-बार कट जाती है, जिससे जरूरी संवाद भी प्रभावित होता है।हैरानी की बात यह है कि इसी गांव में शहरडाल पंचायत के मुखिया सुखेंद्र टुडू का आवास भी स्थित है, लेकिन इसके बावजूद नेटवर्क समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। पंचायत प्रतिनिधि होने के बावजूद उन्हें भी इसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मुखिया सुखेंद्र टुडू ने बताया कि कमजोर नेटवर्क का सबसे अधिक असर गांव की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान पर पड़ रहा है। यहां करीब 450 राशन कार्डधारियों को हर महीने राशन लेने के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ई-पॉस मशीन नेटवर्क के अभाव में ठीक से काम नहीं करती, जिससे लाभुकों का सत्यापन समय पर नहीं हो पाता।उन्होंने बताया कि कई बार लाभुक सुबह से दुकान पर पहुंचकर घंटों नेटवर्क आने का इंतजार करते हैं। शाम तक भी नेटवर्क सामान्य नहीं होने पर कई लोगों को बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ता है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि केवल राशन वितरण ही नहीं, बल्कि बैंकिंग सेवाएं, ऑनलाइन आवेदन, पढ़ाई, डिजिटल भुगतान और अन्य इंटरनेट आधारित कार्य भी नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों और युवाओं को विशेष रूप से ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि रंगाडीह गांव में जल्द अतिरिक्त मोबाइल टावर स्थापित किए जाएं अथवा मौजूदा नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि लोगों को बेहतर संचार सुविधा मिल सके और डिजिटल सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके। इस समस्या की जानकारी देने में मनोज टुडू, मंगल टुडू, अभिजीत टुडू, राकेश किस्कू, शिवराम टुडू, देवजीत टुडू, सुबोध बाउरी के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
रंगाडीह में मोबाइल नेटवर्क बना बड़ी मुसीबत, जिओ-एयरटेल की कमजोर सेवा से ग्रामीण परेशान, राशन वितरण भी हो रहा प्रभावित
