कैराबनी के पास पेड़ से टकराई तेज रफ्तार इनोवा, अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; पीएचईडी अधिकारी घायल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 नवंबर जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फतेहपुर थाना क्षेत्र के कैराबनी के समीप हुई इस घटना में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा कार संख्या जेएच-10-एएन-0007 कैराबनी के पास पहुंचते ही अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इससे पहले कि चालक वाहन को संभाल पाता, कार सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार के एयरबैग भी खुल गए।दुर्घटना के बाद चालक समेत कार में सवार अन्य लोग अंदर ही फंस गए। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल व्यक्ति को उपचार के लिए स्थानीय क्लिनिक पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) के अधिकारी बताए जा रहे हैं। उनके घुटने के पास गंभीर चोट लगी है।हादसे की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। अचानक वाहन अनियंत्रित होने के पीछे तकनीकी खराबी या अन्य वजहों की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *