न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 अक्टूबर चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन के एरिया-3 स्थित हॉस्पिटल कॉलोनी में सार्वजनीन श्री श्री दुर्गा एवं काली पूजा समिति की ओर से 65वें शारदीय दुर्गा पूजा समारोह का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जा रहा है। उत्सव के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बच्चों और महिलाओं ने नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला।समारोह का उद्घाटन बाराबनी के विधायक अरजीत राय, केजी हॉस्पिटल के पीसीएमओ अजय कुमार तथा डॉ. माणिक कुमार और डॉ. भास्कर गांगुली की उपस्थिति में हुआ। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष परमात्मा नन्द वर्मा, सचिव सतीश कुमार सिंह समेत समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियां रहीं। शिखा डांस एकेडमी की शिखा हाजरा और सुचंद्रा डांस ग्रुप से जुड़ी प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मां दुर्गा की आराधना और छठ महापर्व की परंपराओं को नृत्य के माध्यम से मंच पर साकार किया। वहीं, बच्चों ने उत्साहपूर्वक गरबा और मां काली की महिमा पर आधारित प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।रंग-बिरंगी वेशभूषा, भावपूर्ण मुद्राओं और संगीत की लय ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक मान्यताओं के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी प्रस्तुत किया गया।पूरे नृत्य कार्यक्रम का संचालन शिखा हाजरा ने किया। आयोजन ने दुर्गोत्सव की खुशियों को और भी खास बना दिया तथा क्षेत्र में उत्सव का माहौल कायम किया।
चित्तरंजन में भक्ति और संस्कृति का संगम, 65वें दुर्गोत्सव में दुर्गा के विविध रूपों पर थिरके बच्चे और महिलाएं
