न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अक्टूबर मिहिजाम। नगर परिषद की विकास योजनाओं और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर देखना हो तो कांगोई के वार्ड संख्या 18 स्थित शिव मंदिर गली का नजारा काफी है। यहां रहने वाले लोगों के लिए घर से बाहर निकलना इन दिनों किसी चुनौती से कम नहीं है। मुख्य सड़क तक पहुंचने का रास्ता जलजमाव के कारण तालाब में तब्दील हो चुका है। लोगों को पानी के बीच से होकर किसी तरह आवागमन करना पड़ रहा है। विडंबना यह है कि यह वही वार्ड है, जिसके पार्षद वर्तमान नगर परिषद उपाध्यक्ष हैं। इसके बावजूद स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधा के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।लगातार बारिश के बाद गली में पानी भर गया है। महज दो दिनों की बारिश में सड़क की ऐसी दुर्दशा हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि शुरुआती बारिश में यह हाल है, तो मानसून के दौरान स्थिति कितनी भयावह होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।स्थानीय निवासी रामचंद्र ठाकुर, बासुदेव विंद, मदन कुमार, आमोद कुमार और शंकर चौधरी ने बताया कि घर से निकलते ही मुख्य सड़क तक जाने वाला रास्ता पानी से लबालब मिलता है। जरूरी काम से बाहर जाने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है।लोगों के मुताबिक, जलजमाव की समस्या कोई नई नहीं है। कई बार नगर परिषद प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। समाधान के लिए बैठकें भी हुईं, लेकिन आश्वासनों और चर्चाओं से आगे कार्रवाई नहीं पहुंच सकी।स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब वार्ड का प्रतिनिधित्व खुद नगर परिषद के उपाध्यक्ष कर रहे हैं, तब भी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को प्राथमिकता देकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि उन्हें हर बारिश में इस परेशानी से न गुजरना पड़े।
जिस वार्ड के पार्षद हैं नगर परिषद उपाध्यक्ष, वहीं सड़क पर जमा पानी बना मुसीबत
