न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 30 अक्टूबर सलानपुर। झारखंड की सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के रुपनारायणपुर में विवाहेतर संबंध के संदेह ने हिंसक रूप ले लिया। सालानपुर थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान केबल्स स्थित ओल्ड कॉलोनी में बुधवार शाम एक युवक की कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।जानकारी के अनुसार, विक्की की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ दिल्ली में रहती है। वह कभी-कभार हिंदुस्तान केबल्स स्थित अपने क्वार्टर में आता था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव को अपनी पत्नी और विक्की के बीच नजदीकी होने का शक हुआ। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।बताया जाता है कि बुधवार शाम मंटू को जानकारी मिली कि विक्की उसके घर में मौजूद है। सूचना मिलते ही वह काम छोड़कर घर पहुंच गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मंटू यादव और उसके सहयोगियों ने विक्की को पकड़कर बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई की।विक्की की बुआ ने आरोप लगाया कि उसे सुनियोजित तरीके से घर बुलाकर प्रताड़ित किया गया। गंभीर हालत में उसे पहले पिठाकियारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही रुपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। मंटू की पत्नी से पूछताछ जारी है, जबकि मुख्य आरोपित मंटू यादव समेत अन्य की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
विवाहेतर संबंध के शक में खूनी खेल, युवक की पीट-पीटकर हत्या
