न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अक्टूबर जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार की रात एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने कथित तौर पर टांगी से वार कर अपनी पत्नी की जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर हमला कर खुदकुशी करने की कोशिश की। इस घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान बसंती देवी और आरोपी की पहचान मनोज रजवार के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज रजवार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे किसी रिश्तेदार के घर से वापस लौटा था। रात में भोजन करने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर मनोज ने पहले बिजली के करंट से पत्नी को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इसके बाद टांगी से ताबड़तोड़ वार कर बसंती देवी की हत्या कर दी।पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी ने चाकू उठाया और अपने गले पर वार कर लिया। इससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने मामले से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, टांगी से पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुद का गला काटा
