झारखंड, बिहार और बंगाल के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर किया नमन, मिहिजाम में शोकसभा में उमड़ा जनसैलाब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अक्टूबर मिहिजाम। प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी रामेश्वर तिवारी के श्राद्धकर्म के अवसर पर मिहिजाम स्थित उनके आवास पर गुरुवार को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, परिजनों और शुभचिंतकों ने दिवंगत के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। हजारों लोगों की उपस्थिति ने रामेश्वर तिवारी के प्रति समाज में व्याप्त सम्मान और आत्मीयता को प्रदर्शित किया।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, देवघर के विधायक नारायण दास, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद नलिन सोरेन, राजद नेता सुभाष यादव तथा भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री रणधीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने दिवंगत के सामाजिक योगदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रशासनिक पदाधिकारियों में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के अलावा विवेकानंद दुबे एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भी उपस्थित होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।श्राद्धकर्म के दौरान रामेश्वर तिवारी के तीनों पुत्रों में योगेंद्र तिवारी, जोगेन्द्र तिवारी, अमरेंद्र तिवारी एवं समस्त तिवारी परिवार की ओर से हजारों जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता के साथ दिवंगत की स्मृति को सेवा कार्य से जोड़ने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना की।रामेश्वर तिवारी व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन से मिहिजाम और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। श्राद्धकर्म में उमड़ी भारी भीड़ उनके व्यापक सामाजिक संपर्क और लोगों के साथ उनके जुड़ाव की गवाही देती नजर आई। लोगों ने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *