न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अक्टूबर जामताड़ा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना हुआ। गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस का झंडा दिखाकर दो बसों को दिल्ली के लिए रवाना किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर देश के विभिन्न राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं। जामताड़ा से भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दो बसों को रवाना किया गया है, जबकि अन्य कार्यकर्ता निजी वाहनों, रेल और हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि देशहित और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिबद्ध हैं।दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है और परिस्थितियां आपातकाल जैसी बनती जा रही हैं। मंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है।मंत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर भी सवाल खड़े किए।दिल्ली कूच के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प जताया। मौके पर अजहरुद्दीन अंसारी, बीरबल अंसारी, निशापति हांसदा, ब्लू चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि जामताड़ा से पहुंचे कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
राहुल गांधी के दिल्ली अभियान को जामताड़ा का समर्थन, मंत्री इरफान अंसारी ने दिखाई हरी झंडी
