न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 सितंबर जामताड़ा। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंककर्मियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के बैंककर्मी एकदिवसीय हड़ताल पर रहे। इस दौरान बैंककर्मियों ने जामताड़ा शहर स्थित एसबीआई मुख्य शाखा, गांधी चौक के समीप एकजुट होकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।आंदोलन का नेतृत्व सौरभ कुमार राय ने किया। प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है।बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पीएलआइ (PLI) योजना को वापस लेना अथवा उसके क्रियान्वयन पर रोक लगाना तथा यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से योजना में आवश्यक संशोधन करना शामिल है। इसके अलावा विभिन्न लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की भी मांग उठाई गई।प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। बैंक यूनियनों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल होगी। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।प्रदर्शन के बाद बैंककर्मियों ने बाजार क्षेत्र में भी अभियान चलाकर लोगों को अपनी मांगों और आंदोलन के उद्देश्य से अवगत कराया।इस मौके पर धीरज क्रांति, दोलन दास, संजीत कुमार, नंदकिशोर बास्की, अमित कुमार दास, उमा कुमारी, कुंदन कुमार, विजय दास, चंचल प्रकाश, चंद्र राय, अमित कुमार और नेहा प्रकाश समेत बड़ी संख्या में बैंककर्मी मौजूद रहे।
बैंककर्मियों ने फिर तेज किया आंदोलन, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल; 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

