न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर मिहिजाम। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा कार्यकर्ताओं की ओर से सोमवार शाम मिहिजाम स्थित गुडविल पार्क में महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय कमेटी सदस्य प्रो. कैलाश प्रसाद साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शहीद भगत सिंह के सम्मान में नारे लगाए। ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ के नारों से गुडविल पार्क गूंज उठा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. कैलाश प्रसाद साव ने भगत सिंह के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए कम उम्र में ही अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी युवाओं को समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।प्रो. साव ने कहा कि झामुमो के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करना सकारात्मक पहल है। युवाओं को समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद और जनहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल सिंह, कुंदन, इमरान, मोहन, अभिषेक, तरुण दे, अनिल साव, प्रदीप दास, रवि, रित्यान, सरफराज, फैजल आलम, राशिद, चंदन यादव, राकेश, आयुष, आकाश पंडित समेत अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। वहीं पार्टी समर्थित पार्षद विकास कुमार वर्मा और विष्णु देव मुर्मू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
गुडविल पार्क में गूंजा ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ का जयघोष, झामुमो युवाओं ने दी श्रद्धांजलि

