त्योहारों से पहले मिहिजाम में सफाई, रोशनी और पानी की व्यवस्था पर जोर, बोर्ड बैठक में कई प्रस्तावों पर बनी सहमति

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर मिहिजाम। नगर परिषद मिहिजाम कार्यालय के सभागार में सोमवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी ने की। इसमें उपाध्यक्ष महावीर राय, कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, सिटी मैनेजर विजय कुमार के अलावा विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और आवश्यकताओं को बैठक में रखा तथा उनके समाधान के लिए सुझाव दिए।नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी और उपाध्यक्ष महावीर राय ने बताया कि बैठक में शहर की मौजूदा व्यवस्थाओं के साथ-साथ आने वाले दिनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने कहा कि नगर परिषद के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे हैं। इन प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है।बैठक में त्योहारों को लेकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पानी की उपलब्धता सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों और पार्षदों ने व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *