कैशबैक और क्रेडिट कार्ड के नाम पर साइबर ठगी का खेल, पांच आरोपी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 सितंबर जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर दी। साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियाडीह गांव में क्रेशर के पीछे जोरिया के समीप पलास के झुरमुट में छापेमारी कर तीन आरोपियों को दबोचा। वहीं, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मठ्ठांड़ गांव स्थित तालाब के समीप आम बागान में कार्रवाई कर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरूडीह निवासी तसलीम अंसारी (20), मनाजीर अंसारी (21), बाकुडीह निवासी अब्दुल लतीफ (27), करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अलगचुआ निवासी उसमान गनी (25) और मठ्ठांड़ निवासी जितेन्द्र मंडल (43) के रूप में हुई है।जांच में साइबर ठगी के दो तरीके सामने आए हैं। आरोपी फोन-पे पर 999 रुपये कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजकर लोगों से उसे स्वीकार करने को कहते थे। इसके बाद फर्जी एप के माध्यम से रकम हड़पने की कोशिश की जाती थी। दूसरी ओर, एसबीआई समेत अन्य बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई जाती थी। इसके जरिए कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की जाती थी।मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।जनवरी 2026 से 11 सितंबर तक जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के मामलों में 122 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 304 मोबाइल, 370 सिम, 22 एटीएम कार्ड, तीन लैपटॉप और 14.07 लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *