न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड के नवाडीह गांव में चल रहे जनगणना 2027 के मैपिंग कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गांव के लोगों ने मैपिंग प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जामताड़ा प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते त्रुटि नहीं सुधारी गई तो भविष्य में सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक रिकॉर्ड और स्थानीय पहचान पर असर पड़ सकता है।ग्रामीणों के अनुसार नवाडीह गांव, जो जामताड़ा प्रखंड और दक्षिणबहाल क्षेत्र के अंतर्गत आता है, उसकी मैपिंग संख्या पहले 0009 थी। लेकिन जनगणना कार्य के दौरान इसे बदलकर 0226 कर दिया गया, जो कथित तौर पर करमाटांड़ प्रखंड से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस बदलाव के चलते गांव के लगभग 70 प्रतिशत से अधिक परिवारों की मैपिंग मोहनपुर पंचायत के अंतर्गत दर्ज हो गई है।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह केवल तकनीकी त्रुटि नहीं, बल्कि बेहद गंभीर मामला है, क्योंकि इससे गांव की प्रशासनिक स्थिति प्रभावित हो सकती है। लोगों ने आरोप लगाया कि मैपिंग कार्य में लगे कर्मियों और बीएलओ स्तर पर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण गांव के बड़े हिस्से का रिकॉर्ड दूसरे क्षेत्र में चला गया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि वर्तमान टीम के बजाय दूसरे कर्मियों की नियुक्ति कर नवाडीह में दोबारा सर्वे और मैपिंग कराई जाए, ताकि वास्तविक भौगोलिक स्थिति के आधार पर रिकॉर्ड तैयार हो सके।इस विरोध प्रदर्शन में अकीब खान, मनोज मंडल, बापी दास, एजाज खान, समीम खान, मोबीन खान, संजय दास, मनोज दास, शमशेर खान सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर त्रुटिपूर्ण मैपिंग को शीघ्र सुधारने की मांग उठाई।मामले पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि जनगणना मैपिंग का कार्य प्रशिक्षित तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि यदि किसी प्रकार की त्रुटि हुई है तो उसका सुधार संभव है।उन्होंने बताया कि पहले गैप और ओवरलैपिंग जैसी समस्याएं सामने आई थीं, जिन्हें विभाग ने दुरुस्त कर दिया था। वहीं नवाडीह का मामला अलग प्रकृति का है और इसे प्राथमिकता के आधार पर जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा।
जनगणना मैपिंग विवाद पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: नवाडीह के सैकड़ों लोग पहुंचे प्रखंड मुख्यालय, गलत दर्जीकरण सुधारने की उठाई मांग
