न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 20 मई 2026 जामताड़ा। साथ जिंदगी बिताने का सपना लेकर घर से निकले एक प्रेमी युगल की यात्रा उस समय अप्रत्याशित मोड़ पर पहुंच गई, जब वे गलत ट्रेन में सवार होकर अपनी मंजिल की जगह जामताड़ा पहुंच गए। देर रात रेलवे ट्रैक के किनारे भटकते हुए दोनों को पुलिस ने देखा और सुरक्षित थाने पहुंचाया। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी गई।मामला पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित सीतापहाड़ी गांव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय इस्माइल शेख और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की रहने वाली 18 वर्षीय यास्मीन खातून के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे गहराता गया और रिश्ते ने मुलाकातों का रूप ले लिया।सूत्रों के अनुसार जब दोनों के परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने असहमति जताई। पारिवारिक विरोध के बीच दोनों ने घर छोड़कर साथ रहने का निर्णय लिया। लेकिन सफर के दौरान जल्दबाजी और असमंजस में वे गलत ट्रेन में सवार हो गए, जिसके बाद वे जामताड़ा रेलवे स्टेशन पहुंच गए।मंगलवार देर रात करीब दो बजे जामताड़ा पुलिस की गश्ती टीम और टाइगर मोबाइल की नजर टावर चौक के समीप रेलवे ट्रैक के पास खड़े युवक-युवती पर पड़ी। रात के समय दोनों को संदिग्ध स्थिति में देखकर पुलिस ने पूछताछ की। बातचीत में पूरी कहानी सामने आने के बाद उन्हें सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना लाया गया।पुलिस जांच में युवक की पहचान इस्माइल शेख (पिता – मुस्तकीम शेख) और युवती की पहचान यास्मीन खातून (पिता – एनामुल हक) के रूप में हुई। सूचना मिलने पर युवक के पिता और भाई थाना पहुंचे। परिजनों ने बताया कि इस्माइल चेन्नई में राजमिस्त्री का कार्य करता है और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था।पुलिस के अनुसार युवती बालिग है। फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ संभाल रही है ताकि दोनों पक्षों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा सके।
मंजिल थी साथ जीने की, लेकिन ट्रेन बदल गई रास्ता: प्रेमी युगल पहुंचा जामताड़ा, रात में रेलवे ट्रैक किनारे मिला
