तेलंगाना से गांव तक लौटा मजदूर का पार्थिव शरीर, संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़े दिखे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भैयाडीह गांव निवासी रामदुलाल पंडित की तेलंगाना में मजदूरी के दौरान हुई दर्दनाक मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को गांव तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया मानवीय पहल और प्रशासनिक समन्वय का उदाहरण बन गई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सफर आसान नहीं था, लेकिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के हस्तक्षेप के बाद परिवार को राहत मिली।जानकारी के अनुसार, रामदुलाल पंडित तेलंगाना में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। बीते 15 मई को काम के दौरान गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने प्रतिनिधि अजहरुद्दीन को मामले की जिम्मेदारी सौंपी और पार्थिव शरीर को हर हाल में गांव तक पहुंचाने का निर्देश दिया।इसके बाद अजहरुद्दीन ने तेलंगाना के विकाराबाद स्थित कारणकोट थाना से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटाई। साथ ही तेलंगाना प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी संवाद स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया गया। लगातार समन्वय और प्रयासों के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हुई और शव परिजनों को सौंप दिया गया।मृतक का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर बताया जा रहा है। परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। ऐसी स्थिति में तेलंगाना जाकर प्रक्रिया पूरी करना उनके लिए संभव नहीं था। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। साथ ही परिजनों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें तेलंगाना भेजने में मदद की गई।गुरुवार को जब रामदुलाल पंडित का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान मंत्री प्रतिनिधि अजहरुद्दीन भी गांव पहुंचे और परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।ग्रामीणों ने भी इस पहल को मानवीय संवेदना से जुड़ा कदम बताते हुए कहा कि समय पर सहयोग मिलने से परिवार अपने सदस्य को अंतिम विदाई दे सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *