“भाजपा के बच्चे ही नहीं, गरीबों के बच्चे भी ऑक्सफोर्ड में पढ़ेंगे”, बोले डॉ. इरफान अंसारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 अक्टूबर जामताड़ा। जिले में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नई पहल की घोषणा की है। सबनपुर और गोकुला हाई स्कूल को प्लस टू स्तर पर उत्क्रमित करने के साथ दोनों विद्यालयों में पांच-पांच अतिरिक्त डिजिटल क्लासरूम उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इससे कुल 10 आधुनिक डिजिटल कक्षाओं की सुविधा मिलने की उम्मीद है।शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए मंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी किसी बच्चे के सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा, “केवल भाजपा के बच्चे ऑक्सफोर्ड में नहीं, हमारे गरीब बच्चे भी ऑक्सफोर्ड में पढ़ेंगे।” उनके मुताबिक, ग्रामीण और साधारण परिवारों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।डॉ. अंसारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जामताड़ा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। नारायणपुर में डिग्री कॉलेज, बगरुडीह में महिला डिग्री कॉलेज और जामताड़ा में मेडिकल कॉलेज की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधाएं बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आने वाले दिनों में इंजीनियरिंग कॉलेज की दिशा में भी पहल करने की बात कही।“बच्चे कलम उठाओ, गमछा और तलवार नहीं”, मंत्री ने यह संदेश देते हुए कहा कि पढ़ाई से बड़ी कोई ताकत नहीं है। उनका मानना है कि सरकारी विद्यालयों को मजबूत बनाकर भी आईएएस और आईपीएस जैसे अधिकारी तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी हैं।मंत्री ने भविष्य में शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के इस्तेमाल की भी परिकल्पना रखी। सबनपुर और गोकुला में डिजिटल कक्षाओं की पहल से ग्रामीण विद्यार्थियों को तकनीक आधारित पढ़ाई का अवसर मिलेगा। अब इन योजनाओं को धरातल पर उतारना और विद्यार्थियों तक इनका लाभ पहुंचाना महत्वपूर्ण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *