न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त जामताड़ा। विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर की 85वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को सरखेलडीह स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। झारखंड बांगाली समिति, जामताड़ा, झारखंड बांग्लाभाषी उन्नयन समिति एवं जामताड़ा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बांग्ला समाज के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गुरुदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम के दौरान बांग्ला भाषा की शिक्षा के संरक्षण और राज्य में इसके शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। झारखंड बांग्लाभाषी उन्नयन समिति के राज्य उपाध्यक्ष सह झारखंड बांगाली समिति के अध्यक्ष डा. डी.डी. भंडारी ने घोषणा की कि आगामी 10 अगस्त को रांची में बांग्ला भाषा की शिक्षा बचाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने जामताड़ा सहित पूरे राज्य के बांग्लाभाषियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए ‘रांची चलो’ का आह्वान किया।डा. भंडारी ने कहा कि झारखंड में बांग्ला भाषा की शिक्षा लगातार कमजोर हो रही है। राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी बांग्ला अकादमी की स्थापना नहीं हो सकी है। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बांग्ला विषय के अध्ययन का दायरा सिमटता जा रहा है। कई महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में बांग्ला विभागों को बंद करने या पढ़ाई सीमित किए जाने से स्थिति और चिंताजनक हो गई है।उन्होंने बताया कि बांग्ला भाषा के संरक्षण, अकादमी की स्थापना तथा प्राथमिक से स्नातकोत्तर स्तर तक बांग्ला शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 10 अगस्त को विधानसभा के समक्ष कुटे मैदान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें विभिन्न जिलों के विद्यार्थी, समिति के सदस्य और बांग्ला भाषा के समर्थक नागरिक शामिल होंगे।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदीप सरकार, डा. डी.डी. भंडारी, डा. कांचन गोपाल मंडल, चंचल कुमार राय, प्रबोध चंद्रा, अरुप मित्र, देवाशीष मिश्रा, देवोजीत सरखेल, सुनंदा पंडा, रत्ना पाल, सौमित्र सरकार, डा. चंचल भंडारी, जामताड़ा बार एसोसिएशन के सचिव अरुणांशु सरकार और सौगत महथा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रवींद्रनाथ ठाकुर की पुण्यतिथि पर उठा बांग्ला शिक्षा बचाने का मुद्दा, 10 अगस्त को ‘रांची चलो’ का आह्वान
