शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि पर जेएमएम ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 अगस्त मिहिजाम। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से शनिवार को महान झारखंड आंदोलनकारी एवं शहीद निर्मल महतो की 39वीं शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मिहिजाम स्थित निर्मल महतो चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके संघर्षों को याद किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जेएमएम के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित नेताओं ने शहीद निर्मल महतो के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए झारखंड के लिए उनके योगदान और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक और श्रद्धापूर्ण रहा।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जेएमएम जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय कमेटी सदस्य प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साह ने शहीद निर्मल महतो के जीवन, संघर्ष और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड के लोगों के अधिकार, सम्मान और अस्तित्व की लड़ाई को मजबूती प्रदान की। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।अन्य वक्ताओं ने भी शहीद निर्मल महतो के विचारों और संघर्ष को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि महतो के सपनों का झारखंड बनाने के लिए सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष रवींद्रनाथ दुबे, आनंद टुडू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेरी मरांडी, मुखिया माखुनी हेंब्रम, मदन मरांडी, मिहिजाम नगर अध्यक्ष सलिल रमन, रामजीत यादव, बंटी खान, वार्ड पार्षद विष्णुदेव मुर्मू, सुलेखा राय, महेंद्र टुडू, सकेश सिंह, सूरज रवानी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।आयोजकों ने कहा कि शहीद निर्मल महतो के बताए मार्ग और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके बलिदान को सच्चे अर्थों में सम्मान देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *