न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अक्टूबर चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन स्थित गंगा बोटिंग क्लब में शुक्रवार शाम एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल है। अपने माता-पिता के साथ घूमने पहुंची बच्ची के साथ हुई इस घटना ने क्लब परिसर में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की है।मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बच्ची अपने माता-पिता के साथ गंगा बोटिंग क्लब घूमने गई थी। परिवार के माता पिता पार्क में बैठे हुए थे, जबकि बच्ची उनसे कुछ दूरी पर खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची की तेज चीख सुनकर माता-पिता घबराकर उसके पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि बच्ची डरी-सहमी हुई थी। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने एक अज्ञात व्यक्ति पर उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। बताया गया कि घटना के बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गया।बच्ची के अभिभावकों ने आरोपी को पकड़ने के लिए काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने क्लब का संचालन करने वाले प्रबंधन को भी घटना की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से बच्चों पर स्वयं नजर रखने की सलाह दी गई।घटना के बाद क्लब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रवेश के लिए शुल्क लिया जाता है, तो परिसर में आने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रबंधन की जिम्मेदारी होनी चाहिए। ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होना चिंताजनक है।मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दिया गया। शनिवार को थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि शिकायत के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चित्तरंजन के गंगा बोटिंग क्लब में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
