मदनकट्टा रेलखंड पर प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, नवाडीह-दुर्गापुर के पास ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शव

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अक्टूबर जामताड़ा। मदनकट्टा रेलखंड के नवाडीह-दुर्गापुर के समीप शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। रेलवे पोल संख्या 271/4 और 271/5 के बीच दोनों के शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतकों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव निवासी रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के रूप में की गई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक और युवती अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते थे। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों ने शुक्रवार शाम गांव के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में शादी भी कर ली थी। इसके बाद शनिवार सुबह दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।शनिवार सुबह रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर दोनों शवों पर पड़ी। इसके बाद तत्काल करमाटांड़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जानकारी में दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रेम संबंध, कथित विवाह और उसके बाद दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच तथा संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *