न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 अगस्त मधुपुर। स्थानीय काली मंडा रोड स्थित एक निजी होटल के सभागार में शनिवार को महिला संघ की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। शबाना खातून एवं मालती सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। सावन की हरियाली और प्रकृति की सुंदरता को केंद्र में रखते हुए महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में उत्सव का रंग और भी निखार दिया।कार्यक्रम में अधिकांश महिलाएं हरे रंग की साड़ी, आकर्षक हरी बिंदी और हरे रंग की चूड़ियां पहनकर पहुंचीं। इससे पूरा सभागार सावन की हरियाली के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद महिलाओं के मनोरंजन और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आयोजकों की ओर से प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेते हुए सावन महोत्सव को यादगार बनाया। कार्यक्रम में महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग और अपनत्व की भावना भी देखने को मिली।मौके पर इंदु देवी, सपना देवी, कंचा देवी, पिंकी देवी, नीलम, रूबी, तन्नु, ममता, प्रियंका, जुली, नोमिता, रेखा देवी, सतनैनी, देवंती, पिंकी मेहरा, सपना एवं मुन्नी देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं। आयोजन के दौरान सावन की उमंग, हरियाली और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।
सावन की हरियाली में सजा महिला संघ का उत्सव, प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बिखेरा उत्साह

