न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 जुलाई सालानपुर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर सलानपुर एरिया कार्यालय परिसर में देशभक्ति और संगठनात्मक उत्साह के बीच भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत सलानपुर एरिया के सचिव सोमनाथ बनर्जी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद भारत माता का पूजन, विचार गोष्ठी तथा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आसनसोल जिला सह-संचालक प्रदीप कुमार सिंह, हिंदू जागरण मंच के अमित सरकार, भाजपा जिला नेता अभिजीत राय तथा विधानसभा सत्र में व्यस्त रहने के कारण विधायक अरिजीत राय के प्रतिनिधि के रूप में वरिष्ठ नेता अमल राय (मनुदा) उपस्थित रहे। इसके अलावा बाराबनी मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, बीएमएस खान श्रमिक कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद सिंह, महामंत्री मृत्युंजय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि भारत माता का पूजन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और श्रमिक सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस स्थापना दिवस के साथ सलानपुर क्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ के संगठनात्मक विस्तार की औपचारिक शुरुआत हुई है। आने वाले समय में प्रत्येक यूनिट और कोलियरी में संगठन को मजबूत बनाते हुए राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिक हित के सिद्धांतों पर कार्य किया जाएगा।समारोह के दौरान भारतीय महिला मोर्चा, सलानपुर एरिया के लंबे समय से रिक्त पद पर रियांका चटर्जी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने और संगठन में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से महिला मोर्चा के विस्तार की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और संगठन को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
सालानपुर में बीएमएस के 72वें स्थापना दिवस पर संगठन विस्तार का शंखनाद, भारत माता पूजन के साथ महिला मोर्चा को मिली नई जिम्मेदारी

