एरिक लकड़ा हत्या मामले में एनएचआरसी सख्त, आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 मई 2026 चित्तरंजन। पश्चिम बर्धमान जिले में चर्चित एरिक लकड़ा हत्याकांड ने अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर की गई शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने गंभीर रुख अपनाते हुए आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट से चार सप्ताह के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है। आयोग की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में मामले को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।जानकारी के अनुसार, भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला पश्चिम बर्धमान की ओर से एरिक लकड़ा हत्या मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में मामले की जांच प्रक्रिया और मानवाधिकार से जुड़े पहलुओं को गंभीर बताते हुए आयोग से हस्तक्षेप की मांग की गई थी।भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष डॉ विनय कुमार ने बताया कि संगठन लगातार इस मामले को लेकर आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि एरिक लकड़ा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संवैधानिक और कानूनी कदम उठाया जाएगा। उनके अनुसार, आयोग द्वारा जवाब तलब किया जाना इस बात का संकेत है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है।डॉ. बिनय कुमार ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय या मानवाधिकारों का उल्लंघन लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एनएचआरसी के हस्तक्षेप से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।इधर, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बढ़ गई है। आयोग ने आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट से मामले की जांच, अब तक की कार्रवाई और संबंधित तथ्यों की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है।मानवाधिकार संगठन के सदस्यों ने आयोग की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इस कदम से पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ेगा और न्याय की उम्मीद मजबूत होगी। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर लगातार चर्चा हो रही है और लोग जांच की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।अब सबकी निगाहें आयोग और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *