देशभर में फैला था साइबर फ्रॉड का नेटवर्क, छापेमारी में 7 मोबाइल और 9 सिम कार्ड बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 मई 2026 जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही जामताड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो ऐसे शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो गेमिंग ऐप, फर्जी केवाईसी अपडेट और बैंकिंग सुविधाओं के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को सूचना मिली थी कि फतेहपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में कुछ लोग साइबर ठगी के अवैध कारोबार में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही साइबर अपराध थाना प्रभारी मो. फारूक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगड़ी गांव तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के समीप पलाश झुंड इलाके में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बनगड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय गुलाम मुहम्मद और डुमरिया गांव निवासी 31 वर्षीय मो. मकबूल अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में दोनों के साइबर अपराध से जुड़े होने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गेमिंग एप का इस्तेमाल करने वाले लोगों को फोन कर उन्हें विशेष ऑफर और बोनस रिचार्ज का झांसा देते थे। इसके बाद उनसे पैसे ट्रांसफर करवाकर कूपन और ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से रकम निकाल लेते थे।इतना ही नहीं, आरोपी खुद को जियो कस्टमर केयर अधिकारी या बैंक प्रतिनिधि बताकर लोगों को केवाईसी अपडेट करने के लिए एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे। जैसे ही लोग फाइल डाउनलोड करते, उनके मोबाइल और बैंकिंग डेटा तक साइबर ठगों की पहुंच बन जाती और खाते से पैसे उड़ा लिए जाते थे।इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 25/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *