चित्तरंजन में सियासी संग्राम तेज: भाजपा नेता शंकर तिवारी ने वाइस वार्डन पर साधा निशाना, श्यामल गोप ने आरोपों को बताया निराधार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 मई 2026 चित्तरंजन। रेल नगरी चित्तरंजन में बढ़ते अपराध और कथित अवैध गतिविधियों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर तिवारी ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए टीएमसी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चित्तरंजन में जुआ, अवैध शराब, लॉटरी और अन्य गैरकानूनी कारोबार तेजी से फैल रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।शंकर तिवारी ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली लोग सत्ता की ताकत का इस्तेमाल कर गलत कार्यों को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। भाजपा नेता ने स्थानीय एरिया-1 के वाइस वार्डन श्यामल गोप का नाम लेते हुए कहा कि रेलकर्मी होने के बावजूद टीएमसी पार्टी के संरक्षण में चित्तरंजन में हो रहे तमाम अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। हालांकि, श्यामल गोप ने भाजपा नेता के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। फोन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस तरह के बयान दे रहे हैं, जबकि उनका किसी भी अवैध गतिविधि या राजनैतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं है। शंकर तिवारी ने कहा कि कभी अनुशासन और शांत माहौल के लिए पहचाने जाने वाले चित्तरंजन की स्थिति अब बदलती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में भाजपा की सरकार बनने के बाद क्षेत्र को अपराध और अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और सुरक्षित वातावरण की राजनीति करती है।उन्होंने युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई। तिवारी ने कहा कि बेरोजगारी के कारण कई युवक गलत रास्तों की ओर बढ़ रहे हैं। इसलिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। भाजपा इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का काम करेगी।भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन से भी सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।इस बयान के बाद चित्तरंजन की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *