केसीसी और बैंकिंग प्रदर्शन पर डीसी सख्त, खराब कामकाज वाले बैंकों पर कार्रवाई की चेतावनी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 मई 2026 जामताड़ा। जिला समाहरणालय स्थित डीसी सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की। इस दौरान जिले में बैंकिंग सेवाओं, कृषि ऋण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) बलादित्य कुमार ने मार्च 2026 तिमाही से संबंधित आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण करते हुए जिले की बैंकिंग स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जामताड़ा का सीडी रेशियो राज्य के सबसे कमजोर जिलों में शामिल है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि जिले के सभी बैंक मौजूदा केसीसी अभियान के दौरान सीमित संख्या में भी ऋण स्वीकृत करें तो निर्धारित लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।उपायुक्त आलोक कुमार ने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए बैंक अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसान और आम लोग ऋण स्वीकृति नहीं मिलने की शिकायत लेकर जनता दरबार पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि बैंकों का रवैया नहीं बदला तो खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों से सरकारी जमा राशि वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।बैठक में शिक्षा ऋण, मुद्रा योजना, पीएमएफएमई तथा अन्य वित्तीय योजनाओं की समीक्षा भी की गई। एलडीएम ने सुझाव दिया कि बैंक अधिकारी शिक्षण संस्थानों तक पहुंच बनाकर जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं आरबीआई प्रतिनिधि ने जिले में बैंक शाखाओं और एटीएम की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच मजबूत हो सके।उपायुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ देने में अनावश्यक बाधा न उत्पन्न करें तथा अस्वीकृत आवेदनों के स्पष्ट कारण उपलब्ध कराएं। बैठक में नाबार्ड, आरबीआई, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं सभी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *