जामताड़ा की बेटियों को फुटबॉल में उड़ान का मौका, चयनित खिलाड़ियों को उड़ीसा अकादमी में मिलेगा प्रशिक्षण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा गांधी मैदान में गुरुवार को बालिका फुटबॉल प्रतिभाओं की खोज को लेकर विशेष चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इस ट्रायल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बड़ी संख्या में लड़कियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराना था।ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, गति, बॉल कंट्रोल, पासिंग और मैच प्रदर्शन का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया का संचालन उड़ीसा के कटक स्थित नीता फुटबॉल अकादमी से पहुंचे प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिद जब्बार और धनेश्वर तिर्की ने किया। उन्होंने बताया कि ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को अकादमी में प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाएगा।अकादमी की ओर से चयनित खिलाड़ियों को तीन वर्षों का अनुबंध दिया जाएगा। साथ ही उन्हें निःशुल्क फुटबॉल प्रशिक्षण, रहने-खाने और पढ़ाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिन खिलाड़ियों की पढ़ाई किसी कारणवश अधूरी रह गई है, उन्हें मासिक छात्रवृत्ति देकर शिक्षा जारी रखने में भी सहायता की जाएगी।इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मोहम्मद इम्तियाज खान ने कहा कि जामताड़ा में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और मार्गदर्शन की है। कोच विनय सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां अब खेल के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं और ऐसे ट्रायल उनके भविष्य को नई दिशा देंगे।कार्यक्रम में नरेश मिस्त्री, इम्तियाज अंसारी, सुरेश मिस्त्री एवं जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष भारतेंदु मुर्मू भी मौजूद रहे। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने खिलाड़ियों से मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *