रेलवे कर्मी पर दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोप, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 मई 2016 मिहिजाम। चित्तरंजन रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक रेलवे कर्मचारी के खिलाफ आम लोगों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट को लेकर विवाद गहरा गया है। इस संबंध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आरपीएफ चित्तरंजन के प्रभारी अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रेलवे के ईस्ट केबिन में कार्यरत प्वाइंट्समैन पवन सिंह द्वारा आए दिन राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज, धमकी और झगड़े की घटनाएं की जाती हैं।शिकायत पत्र के अनुसार, संबंधित कर्मचारी का व्यवहार लंबे समय से विवादित रहा है और क्षेत्र के लोग उससे परेशान हैं। आरोप है कि वह रेलवे केबिन परिसर में स्थानीय लोगों के साथ बैठकर नशा और शराब सेवन भी करता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे रेलवे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और आम लोगों में भय का वातावरण बन रहा है।मामले को लेकर सबसे ताजा घटना 13 मई की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे टेम्पो चालक इमरान उर्फ बंटी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई और लोहे की रॉड जैसी वस्तु लेकर मारपीट की कोशिश की गई। आरोप यह भी है कि विरोध करने पर संबंधित कर्मचारी लोगों को रेलवे एक्ट के तहत झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात भी कही जा रही है, जिसका विजुअल शिकायत पत्र के साथ अधिकारियों को उपलब्ध कराया गया है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरपीएफ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की ओर से जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के समीप धरना-प्रदर्शन करेंगे।इस पूरे घटनाक्रम के बाद रेलवे क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। स्थानीय लोग भी मामले में निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, आरपीएफ की ओर से अब तक इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *