न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 अगस्त चित्तरंजन। अखिल भारतीय संत गाडगे संस्थान, पश्चिम बंगाल के तत्वावधान में डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ की ओर से एरिया-6 कम्युनिटी हॉल में समीक्षा मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, सामाजिक समानता, मानवता और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।समारोह में संत शिरोमणि गाडगे बाबा, डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, फातिमा शेख, संत रविदास, संत कबीर और भगवान बिरसा मुंडा के सामाजिक योगदान एवं संघर्षों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गाडगे बाबा का स्वच्छता और सेवा का संदेश तथा बाबा साहेब का शिक्षा, संगठन और संघर्ष का विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से क्लब इंडिया, धनबाद के सौजन्य से ड्राइंग एवं डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।इस अवसर पर समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने तथा मानवाधिकारों के संरक्षण को लेकर निरंतर कार्य करने का निर्णय लिया गया।संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश दास ने अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष, विचार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश कुमार, नरेश रजक, वीरेंद्र कुमार, बोरहन कुमार, अशोक रजक, अनिता कुमारी, विशंभर मंडल, आनंद मंगल, मुकुंद मंडल, हरिदास हजारी, काजल फिजरदार, रिंकु मंडल, कुंदन रजक, राजेश रंजन रजक, डॉ दुर्गादास भंडारी, विनोद रजक, संतोष रजक, सुनील रजक और राजेंद्र रजक का उल्लेखनीय योगदान रहा। समारोह के दौरान सामाजिक एकता, समानता और जागरूकता के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश से गूंजा चित्तरंजन, समीक्षा मिलन समारोह में महापुरुषों के विचारों को अपनाने का संकल्प

