न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं के बीच आसनसोल में पुलिस ने लोगों को सतर्क करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। शनिवार शाम जीटी रोड स्थित गुजरात भवन में साइबर अपराध से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी गई।कार्यक्रम का आयोजन साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SBFCI) तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त प्रयास से किया गया। कार्यक्रम में साइबर ठगी के बदलते तौर-तरीकों और उनसे बचने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार ने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सजग रहते हैं, उसी तरह मोबाइल फोन, बैंक खाते और सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को भी गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में बिना समय गंवाए पुलिस को सूचना देने की अपील की, ताकि ठगी की रकम और डिजिटल गतिविधियों पर जल्द कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम में एडीसीपी (साइबर) राहुल पांडे ने साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को लेकर आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 2020 से अब तक देश में साइबर ठगों द्वारा करीब 52 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने बताया कि अकेले 2025 में यह आंकड़ा करीब 22 हजार करोड़ रुपये रहा। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों का जवाब देने और निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी।मौके पर पुलिस अधिकारी शाहनाज खातून, एसबीएफसीआई अध्यक्ष वीके ढल, महासचिव जगदीश बागड़ी समेत बड़ी संख्या में कारोबारी मौजूद रहे।
साइबर ठगी से बचाव के लिए आसनसोल में पुलिस की पहल, कारोबारियों को बताए ऑनलाइन सुरक्षा के गुर

