NH-19 पर देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट, नाइट गार्ड के पैर में लगी गोली; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 13 सितंबर आसनसोल/सालानपुर। आसनसोल में व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक नाइट गार्ड को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप हुई इस वारदात में बाइक से ड्यूटी पर जा रहे 43 वर्षीय हरीदास लायक के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।हरीदास सालानपुर ब्लॉक के अल्लाडी पंचायत अंतर्गत धागुड़ी गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में रात्रि ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस के पास तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली हरीदास के पैर में जा लगी।घायल होने के बावजूद हरीदास ने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने मोबाइल से हमलावरों का वीडियो बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना मिलने के बाद सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरीदास को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा इलाके में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है।घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीसी वेस्ट साना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एनएच-19 जैसे व्यस्त मार्ग पर रात में हुई फायरिंग ने राहगीरों और नाइट शिफ्ट में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *