जामताड़ा में गणेश महोत्सव की धूम, एसी पंडाल में विराजेंगे गणपति; 251 किलो मोतीचूर के लड्डू का लगेगा भोग

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 सितंबर जामताड़ा। शहर के गांधी मैदान में इस बार गणेश उत्सव को लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं। श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित होने वाला 10 दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव सोमवार से शुरू होगा। पूजा को लेकर पंडाल निर्माण, सजावट, रोशनी और मेले की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।इस वर्ष श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से राहत देने के लिए समिति ने पहली बार पूरी तरह वातानुकूलित (एसी) पंडाल तैयार कराया है। पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के साथ विद्युत सज्जा भी की जा रही है। बताया गया कि पंडाल का निर्माण पहाड़ी बाबा मंदिर की तर्ज पर कराया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।गणेश महोत्सव के दौरान गांधी मैदान में भव्य मेले का आयोजन होगा। यहां भूत बंगला, जलपरी, ब्रेक डांस, तारामाची सहित विभिन्न मनोरंजन के साधन लगाए जाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए झूले तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियों के साथ खान-पान के स्टॉल भी मेले की रौनक बढ़ाएंगे।धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकार को भी महत्व दिया गया है। समिति की ओर से 20 सितंबर को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जबकि 22 सितंबर को विशेष हवन का आयोजन होगा। समिति ने शहरवासियों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सहयोग करने की अपील की है।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मेला परिसर में पेयजल, स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान भगवान गणेश को 251 किलो मोतीचूर के लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा।मौके पर अध्यक्ष मुक्ताराम दत्त, बंटी चौधरी, दीनबंधु सिंह, अरूप मित्र, अनूप सिंह, अशोक मंडल और चंचल भंडारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में गणेश महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *