न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। दुर्गापूजा के दौरान खान-पान को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और बंगाली समाज को ‘ढोंगी’ कहे जाने के आरोप को लेकर पश्चिम बर्धमान जिला कांग्रेस ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आसनसोल कोर्ट मोड़ स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद संबंधित थाने में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौविक मुखोपाध्याय, कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुकांत दास समेत जिला और ब्लॉक स्तर के कई नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दुर्गापूजा बंगाली समाज की भावनाओं और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा पर्व है। उनके अनुसार, पूजा और बंगालियों की खान-पान की परंपरा को लेकर किसी भी व्यक्ति द्वारा अपमानजनक टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। नेताओं ने आरोप लगाया कि बागेश्वर बाबा की कथित टिप्पणी से बंगाली समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।कांग्रेस ने मांग की कि संबंधित व्यक्ति सार्वजनिक रूप से अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगे। साथ ही प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई।गांधी प्रतिमा के सामने विरोध-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा और पूरे मामले को लेकर लिखित शिकायत सौंपी। नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था और किसी समुदाय की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान के विषय में सार्वजनिक बयान देते समय जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतना जरूरी है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित टिप्पणी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बागेश्वर बाबा की कथित ‘बंगाली विरोधी’ टिप्पणी पर कांग्रेस का हल्लाबोल, आसनसोल में प्रदर्शन के बाद FIR

