न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अगस्त चित्तरंजन। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में 11 अगस्त 2026 को केंद्रीय विद्यालय संगठन के कोलकाता संभाग की ओर से शैक्षणिक पैनल निरीक्षण का आयोजन किया गया। निरीक्षण दल का नेतृत्व सहायक आयुक्त अमित वैद्य ने किया। उनके साथ पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय दुर्गापुर सीआरपीएफ के प्राचार्य विनोद कुमार यादव, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय रेलवे कॉलोनी खड़गपुर के प्राचार्य सुदीप मंडल, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय आसनसोल के प्रभारी प्राचार्य अमित कुमार दास तथा बहरामपुर के प्रधानाध्यापक मनीष दहिया शामिल रहे।विद्यालय पहुंचने पर निरीक्षण दल का स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय की प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, योग एवं नृत्य सहित विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे निरीक्षण दल ने सराहा।कार्यक्रम के दौरान स्काउट एवं गाइड में राज्य पुरस्कार प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा आईआईटी खड़गपुर के सहयोग से संचालित ‘कृति’ कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।इसके पश्चात सहायक आयुक्त एवं निरीक्षण दल ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। टीम ने कक्षाओं में पठन-पाठन की प्रक्रिया, शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और अनुभवों की जानकारी ली गई। निरीक्षण दल ने शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में शैक्षणिक गुणवत्ता का हुआ व्यापक मूल्यांकन
