हजारों धागों में बंधा भाईचारे का संदेश, डीएवी के बच्चों ने शुरू किया अनोखा राखी अभियान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 अगस्त रूपनारायणपुर। रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार और सामुदायिक एकता से जोड़ते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल एचसीएल रूपनारायणपुर के विद्यार्थियों ने अनूठी पहल शुरू की है। विद्यालय की ओर से चलाए जा रहे तीन दिवसीय “राखी अभियान” के माध्यम से बच्चे स्कूल की चारदीवारी से बाहर निकलकर स्थानीय लोगों तक प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश पहुंचा रहे हैं।अभियान के तहत विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में 1000 से अधिक राखियां स्वयं तैयार की हैं। बच्चों ने इन राखियों को तैयार करने में उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। अब वे विद्यालय के आसपास के विभिन्न इलाकों में जाकर दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें अपनी हस्तनिर्मित राखियां बांध रहे हैं।तीन दिनों तक चलने वाला यह अभियान प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों का उद्देश्य रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक सौहार्द और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, पहल का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। कक्षा में सीखे संस्कारों को जब विद्यार्थी समाज के बीच व्यवहार में उतारते हैं, तो शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य भी सार्थक होता है।विद्यालय परिवार का कहना है कि 1000 से अधिक हस्तनिर्मित राखियों के साथ यह अभियान अनेक चेहरों पर मुस्कान और समाज में भाईचारे का संदेश फैलाने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *