अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से महिलाओं का फूटा गुस्सा, बर्नपुर बैंक के बाहर जोरदार प्रदर्शन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 25 अगस्त बर्नपुर। अन्नपूर्णा योजना की राशि अब तक बैंक खातों में नहीं पहुंचने की शिकायत को लेकर मंगलवार को बर्नपुर में महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। त्रिवेणी मोड़ स्थित द बर्दवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की बर्नपुर शाखा के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं जुट गईं। देखते ही देखते बैंक परिसर के बाहर भीड़ बढ़ गई, जिसके बाद बैंक प्रबंधन को स्थिति संभालने के लिए शटर बंद करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, कई महिलाएं अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए बैंक पहुंची थीं। बताया गया कि उन्हें नगर एवं शहरी विकास विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पाल के निर्देश पर बैंक आने को कहा गया था। महिलाओं का कहना था कि वे लंबे समय से योजना की राशि मिलने का इंतजार कर रही हैं और आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उनके खाते में भुगतान नहीं हुआ है।बैंक की ओर से महिलाओं को बताया गया कि जिन लाभार्थियों के आवेदन की स्थिति ‘अंडर प्रोसेसिंग’ या ‘प्रोसेसिंग’ दिखाई दे रही है, उन्हें फिलहाल 30 अगस्त तक प्रतीक्षा करनी होगी। इस जानकारी के बाद कई महिलाएं नाराज हो गईं और बैंक के बाहर विरोध जताने लगीं।प्रदर्शन में शामिल अपर्णा चक्रवर्ती ने कहा कि कई महिलाएं महीनों से आवेदन पूरा कर भुगतान की प्रतीक्षा कर रही हैं। उनका आरोप था कि पात्र होने के बावजूद उन्हें बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है।मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मामले पर कहा कि करीब दो करोड़ महिलाओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं और सभी आवेदनों को ऑनलाइन अपलोड व संसाधित करने में समय लग रहा है। उन्होंने महिलाओं से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ जरूर मिलेगा।महिलाओं के प्रदर्शन से कुछ समय के लिए बैंक के आसपास हलचल बढ़ गई, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रण में रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *