न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 जुलाई 2026 सालानपुर। रूपनारायणपुर से चित्तरंजन गेट नंबर-3 तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। वर्षों से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही इस सड़क की दुर्दशा के विरोध में बुधवार को चित्तरंजन रेलवे मेन्स कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने सालानपुर के बीडीओ देबांजन विश्वास को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।करीब पांच किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क की पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।रेलवे मेन्स कांग्रेस के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में भी कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। सरकार बदलने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) के कर्मचारी सहित हजारों लोग आवागमन करते हैं। यही सड़क स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए अस्पताल, बाजार तथा अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने का मुख्य रास्ता है। इसके अलावा सीएलडब्ल्यू के भारी मशीनरी और मालवाहक वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद बीडीओ देबांजन विश्वास ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा की। बातचीत के दौरान सड़क निर्माण के लिए धन की कमी का मुद्दा सामने आया। इस पर इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक सरकारी विभाग के पास आपातकालीन कार्यों के लिए विशेष निधि होती है और जनहित को देखते हुए उसी राशि से सड़क मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।रेलवे मेन्स कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देना नहीं, बल्कि आम जनता की पीड़ा को प्रशासन तक पहुंचाना है। संगठन ने निर्णय लिया है कि जल्द ही सीएलडब्ल्यू के महाप्रबंधक (जीएम) से भी मुलाकात कर सड़क मरम्मत के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद से आर्थिक सहयोग देने का आग्रह किया जाएगा। अब लोगों की निगाहें प्रशासन और रेलवे पर टिकी हैं कि मानसून के बीच इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत के लिए कब ठोस कदम उठाए जाते हैं।
रूपनारायणपुर–चित्तरंजन मार्ग की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क मरम्मत की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
