न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त बराकर। अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि खाते में नहीं पहुंचने और नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर बराकर के लखियाबाद स्थित 68 नंबर वार्ड की महिलाओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं बराकर-कल्याणेश्वरी बाइपास की मुख्य सड़क पर उतर आईं और रास्ते पर बैठकर विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण व्यस्त मार्ग पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि विधानसभा चुनाव से पहले योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उनसे आवेदन पत्र लिए गए थे। इसके बाद कई महीने बीत गए, लेकिन अब तक उनके बैंक खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची है। महिलाओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच सीमित आमदनी वाले परिवारों के लिए घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सरकारी सहायता नहीं मिलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय हर वर्ग से वोट मांगा जाता है, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ देने में भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पात्र लाभुकों को जल्द योजना की बकाया राशि उपलब्ध कराई जाए।सड़क जाम की सूचना मिलने पर बराकर फांड़ी के प्रभारी अधिकारी अंजन कुमार रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। संबंधित अधिकारियों तक उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं ने काफी देर बाद सड़क से हटकर जाम समाप्त किया।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राशि का भुगतान नहीं हुआ और दिन में दो बार जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अन्नपूर्णा भंडार का पैसा नहीं मिलने पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, बराकर-कल्याणेश्वरी बाइपास पर घंटों प्रदर्शन

