करमाटांड़ में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, आसनसोल के युवक की हालत गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का एक और मामला सामने आया है। एचपी पेट्रोल पंप के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।बताया जाता है कि दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास दोनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों को काफी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना में घायल युवक पश्चिम बंगाल के आसनसोल का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वह कुछ दिनों के लिए अपने मामा के घर बिराजपुर आया था। किसी आवश्यक कार्य से बाहर निकले दौरान वह हादसे की चपेट में आ गया।दूसरी बाइक पर सवार युवक की पहचान सीताकट्टा दासपाड़ा निवासी के रूप में बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को घटना की जानकारी दी।गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *