संगठन विस्तार की रणनीति पर मंथन, 11 जून को झामुमो का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन

एसआईआर प्रशिक्षण के जरिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सशक्त, महासचिव विनोद पांडे होंगे मुख्य अतिथि

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 जून 2026 जामताड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से रविवार को जिला परिषद कार्यालय में संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की। इस दौरान 11 जून को प्रस्तावित कार्यकर्ता सम्मेलन तथा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में जिला, प्रखंड और नगर स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे। नेताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संरचना ही किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत होती है और इसी दिशा में पार्टी लगातार काम कर रही है।जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि एसआईआर प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के कौशल विकास और संगठनात्मक दक्षता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है।जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने कहा कि एसआईआर प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की बेहतर समझ मिलेगी। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों की सक्रियता से पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि झामुमो के महासचिव विनोद पांडे 11 जून को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके स्वागत, कार्यक्रम संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर भी जिम्मेदारियां तय की गईं।बैठक में जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद साव, जिला सचिव परेश यादव, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य आनंद टुडू, बासुदेव मरांडी, लालू अंसारी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सगीर खान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी, जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष देवीषण हांसदा, मिहिजाम नगर सचिव महेंद्र टुडू सहित विभिन्न प्रखंडों और नगर इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से रणनीति तैयार की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *