मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय हुई भाजपा: बबीता झा ने कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर बीएलओ का सहयोग करने का दिया संदेश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 जुलाई 2026 जामताड़ा। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से झारखंड में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए भाजपा ने भी संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री बबीता झा ने बुधवार को जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर और पबिया मंडल का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं, बूथ स्तर के पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक को संबोधित करते हुए बबीता झा ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी मतदाता को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तथा घर-घर जाकर लोगों को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे और सभी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने प्रपत्र जमा करें।बबीता झा ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों को जागरूक करने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने और प्रपत्र भरने में हरसंभव सहायता करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य निर्वाचन आयोग के अभियान में सकारात्मक सहयोग देना और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे अभियान की स्थिति से अवगत कराया तथा कई सुझाव साझा किए। इस अवसर पर नारायणपुर मंडल अध्यक्ष बलदेव हासदा, पबिया मंडल अध्यक्ष द्वारिका सिंह, रवि महतो, स्थानीय बीएलओ एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक समन्वय के साथ कार्य करने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *