हरियाली का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली: रूपनारायणपुर फाड़ी और वन विभाग ने अरण्य सप्ताह पर लगाए 50 पौधे

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 जुलाई 2026 रूपनारायणपुर/सलानपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सलानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फाड़ी एवं रूपनारायणपुर वन विभाग की संयुक्त पहल पर बुधवार को अरण्य सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अछरा यज्ञेश्वर इंस्टीट्यूट स्कूल में हुआ, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और वन विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।सुबह कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण जागरूकता रैली से हुई। स्कूल परिसर से निकली रैली अछरा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्रकृति की रक्षा करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और अभियान में सहयोग का भरोसा जताया।रैली के बाद स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन और वन विभाग की ओर से लगभग 50 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। साथ ही विद्यार्थियों के बीच भी पौधों का वितरण किया गया, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।इस अवसर पर रूपनारायणपुर फाड़ी के प्रभारी सुमंगल सरकार ने कहा कि यदि बचपन से ही बच्चों और युवाओं में पेड़-पौधों के प्रति प्रेम और संरक्षण की भावना विकसित की जाए तो आने वाले वर्षों में देश अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बन सकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के सच्चे साथी हैं। स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और संतुलित प्रकृति के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है।उन्होंने शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि यदि प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय नियमित रूप से पौधारोपण अभियान चलाए, तो गांवों और शहरों का स्वरूप बदल सकता है। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की जरूरत है।कार्यक्रम में आसनसोल फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर तमालिका चंदा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सब्यसाची महाता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, वन विभाग के कर्मी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिया गया और सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *