न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 अक्टूबर जामताड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को रविवार को जामताड़ा नगर के बाजार दुर्गा मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए सामाजिक समरसता, सेवा, राष्ट्रीय एकता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी की ओर से बताया गया कि नगर के विभिन्न बूथों पर भी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम सुना।भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की रामायण में निहित सेवा, करुणा और सामाजिक सद्भाव के मूल्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये आदर्श समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों के बीच आपसी सहयोग की भावना मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।प्रदीप राउत ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा नगर में भी इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह है।वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और ‘लोकल फॉर वोकल’ की अवधारणा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने से स्थानीय कारोबार, उत्पादकों और रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिल सकता है। उन्होंने लोगों से भारतीय उत्पाद अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की।कार्यक्रम में आकाश साव, सौगत सेन, पियूष कुमार, दिलीप चौधरी, भोन्दर गॉन, नीरज, शिवम, प्रिंस, अंकित, अनमोल, अभी और कृष सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सामूहिक श्रवण के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।
जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड, एकता और स्वदेशी अपनाने पर जोर
