न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अगस्त जामताड़ा। झारखंड आंदोलन के प्रमुख शिल्पकार और पद्म भूषण से सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को जामताड़ा के इंदिरा चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर शिबू सोरेन की प्रतिमा एवं कटआउट पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने कहा कि दिशोम गुरु ने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शिबू सोरेन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने शोषण और महाजनी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष कर अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को नई दिशा दी।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इंदिरा चौक पर स्थापित शिबू सोरेन की प्रतिमा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और जनसेवा की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान और राज्य निर्माण में गुरुजी का योगदान अविस्मरणीय है।कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सगीर खान, समाजसेवी चमेली देवी, झामुमो नेता प्रदीप मंडल, रवींद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद, सलिल रमन, महेंद्र टुडू, गुरु हड़ाम रेणु मुर्मू, भारतेंदु मुर्मू, इम्तियाज खान सहित अनेक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भाग लिया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि दिशोम गुरु के सामाजिक न्याय, समानता और जनअधिकारों के विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे तथा उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प दोहराया गया।
जामताड़ा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि, भारत रत्न देने की मांग हुई तेज
