न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 जुलाई जामताड़ा। किसानों की उपज को सुरक्षित रखने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में जामताड़ा जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने नाला प्रखंड के सालुका स्थित सहकारिता विभाग द्वारा संचालित 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले स्टोर फ्रेश कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भंडारण व्यवस्था, साफ-सफाई, शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) के रखरखाव तथा कृषि उत्पादों के सुरक्षित संरक्षण की पूरी व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन कर्मियों को निर्देश दिया कि कोल्ड स्टोरेज का संचालन निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के सभी प्रखंडों के किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा आसपास के जिलों के किसानों के लिए भी यह कोल्ड स्टोरेज उपयोगी साबित होगा। किसानों को निर्धारित शुल्क में छूट भी उपलब्ध कराई जा रही है।उपायुक्त ने जिला सहकारिता विभाग को निर्देश दिया कि लैम्पस और अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक किसानों को कोल्ड स्टोरेज की सुविधाओं की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकें और मजबूरी में कम कीमत पर बेचने से बचें।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में 4000 एमटी आलू रखने की क्षमता है, जिसमें वर्तमान में 1152 एमटी आलू भंडारित है। वहीं 800 एमटी महुआ भंडारण क्षमता के मुकाबले 56 एमटी महुआ रखा गया है। इसके अलावा 200 एमटी क्षमता वाले फल भंडारण अनुभाग को अगले माह से शुरू करने की तैयारी चल रही है।इस अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता भी उठाई गई, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, प्रबंधन कर्मी तथा लैम्पस के सदस्य भी उपस्थित रहे।
जामताड़ा के 5000 एमटी कोल्ड स्टोरेज का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, किसानों तक सुविधा पहुंचाने के दिए निर्देश
