न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर मिहिजाम। दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रविवार शाम मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी प्रदीप राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर परिषद की चेयरपर्सन जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय, सिटी मैनेजर विजय कुमार, एएसआई सीमा कुमारी समेत चित्तरंजन थाना व आरपीएफ के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य और विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान पूजा समितियों के सदस्यों ने त्योहार के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपने सुझाव रखे। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सभी पूजा समितियों को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने प्रत्येक पूजा पंडाल में CCTV कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने की अपील की।उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान प्रमुख पंडालों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। खासकर प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस पर पुलिस की विशेष निगरानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी ने लोगों से दुर्गापूजा का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों से बचने की भी सलाह दी।कमल गुप्ता, शांति देवी, अमिता टुडू, उमेश झा, गुड्डू सिंह, अरुण दास, दानिश रहमान, सुरेंद्र सिंह सहित सभी लाइसेंसधारी पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। चित्तरंजन थाना के सब इंस्पेक्टर अर्णब पाठक ने कहा कि मिहिजाम से होने वाले प्रतिमा विसर्जन की सूची चित्तरंजन थाना को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके।
दुर्गापूजा को लेकर मिहिजाम थाने में शांति समिति की बैठक, पंडालों में CCTV और विसर्जन जुलूस पर रहेगी पुलिस की नजर

