न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 जुलाई रानीगंज। रानीगंज के ऐतिहासिक सियारसोल राजबाड़ी में आयोजित उल्टा रथ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर एक संदिग्ध जेबकतरा गिरोह सक्रिय हो गया। मेले में पहुंचे लोगों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल फोन, पर्स और नकदी चोरी करने की कोशिश किए जाने की शिकायतें सामने आईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेला समिति के स्वयंसेवकों ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त कार्रवाई शुरू की।सूत्रों के अनुसार, मेले के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान लगभग 10 संदिग्ध लोगों को पकड़कर पंजाबी मोड़ फांड़ी पुलिस के हवाले किया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में एक पुरुष तथा अधिकांश महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।राजबाड़ी मेला समिति से जुड़ी अनूराधा मालिया सराफ ने बताया कि पूर्व में भी मेले के दौरान चोरी और जेबकतरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत की गई थी। पुलिस बल की तैनाती और स्वयंसेवकों की सतर्क निगरानी के कारण किसी बड़ी अप्रिय घटना को टालने में सफलता मिली।वहीं, सामाजिक संगठन से जुड़े मनीष सिंह ने दावा किया कि एक गिरोह पूरे दिन भीड़ का लाभ उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले किया गया।पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वे किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्टा रथ मेले में सक्रिय हुआ जेबकतरा गिरोह, पुलिस और स्वयंसेवकों की सतर्कता से 10 संदिग्ध हिरासत में
