न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 1 सितंबर आसनसोल। आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य करने वाले सैकड़ों ठेकेदारों का भुगतान पिछले करीब चार महीने से लंबित रहने का मामला सामने आया है। बकाया राशि नहीं मिलने से नाराज आसनसोल म्युनिसिपल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन से जुड़े ठेकेदार अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जल्द भुगतान की मांग रखी।एसोसिएशन के मुताबिक नगर निगम के ‘आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान’ प्रकल्प के तहत सड़क, नाली-निकासी, भवन निर्माण समेत विभिन्न विकास योजनाओं में काम करने वाले करीब 400 से 450 ठेकेदारों का भुगतान अब तक लंबित है। ठेकेदारों का कहना है कि काम पूरा कराने के बावजूद उन्हें निर्धारित समय पर राशि नहीं मिल रही है, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।एसोसिएशन के अध्यक्ष तड़ित रॉय और सचिव सुब्रत मंडल (बापन) ने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में निगम क्षेत्र में कई विकास कार्य ठेकेदारों से कराए गए थे। उनका दावा है कि तत्कालीन मेयर और नगर आयुक्त की ओर से काम नहीं करने पर ब्लैकलिस्ट किए जाने का भय दिखाकर कुछ कार्य कराए गए, लेकिन संबंधित भुगतान अब तक अटका हुआ है।ठेकेदारों के अनुसार लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण निर्माण कार्यों से जुड़े व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मजदूरों की मजदूरी, सामग्री आपूर्तिकर्ताओं और अन्य खर्चों का भुगतान करना भी मुश्किल हो रहा है। इससे आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में ठेकेदारों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है।एसोसिएशन ने इस संबंध में पहले भी पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया था। अब ठेकेदारों ने दोबारा जिलाधिकारी से मुलाकात कर लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग उठाई है।ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम के विकास कार्य समय पर पूरे किए हैं, इसलिए उनका बकाया भुगतान भी शीघ्र किया जाना चाहिए। अब निगाह इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और ठेकेदारों को उनका लंबित भुगतान कब तक मिल पाता है।
चार महीने से भुगतान अटका, 400 से अधिक ठेकेदारों में उबाल; डीएम कार्यालय पहुंचे

